भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भारत ने रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया।
ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ जींद से होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर संचालित होगी। ट्रेन में 10 आधुनिक कोच हैं और इसमें एक बार में करीब 2,600 यात्री सफर कर सकेंगे। आम यात्रियों के लिए अधिकतम किराया 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच 12 स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें गोहाना, बुटाना और मोहाना जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इसकी परिचालन गति 75 किमी प्रति घंटा होगी, जबकि इसे 110 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति के अनुरूप डिजाइन किया गया है।
‘मेक इन इंडिया’ के तहत तैयार यह हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल है। यह कार्बन उत्सर्जन नहीं करती, बल्कि केवल पानी की भाप और गर्मी छोड़ती है। परियोजना के तहत जींद में देश का सबसे बड़ा हाइड्रोजन स्टोरेज और रिफ्यूलिंग स्टेशन भी स्थापित किया गया है, जो भविष्य में हाइड्रोजन आधारित रेल सेवाओं के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा।
शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम में विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और इसे ऐतिहासिक आयोजन बताया।



