भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं, “मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा, ताकि आप सभी के साथ संसद तक मार्च कर सकूं। अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा तो फिर भूत बनकर वापस आऊंगा।”
सोनम वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। इस आंदोलन को कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने समर्थन दिया है और कई नेता उनसे मुलाकात भी कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि लगातार भूख हड़ताल के कारण वांगचुक का वजन करीब 9 किलो तक घट चुका है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार उनके शरीर में पानी का स्तर फिलहाल सामान्य है, हालांकि हल्का डिहाइड्रेशन देखा गया है। डॉक्टरों ने लंबे समय तक अनशन जारी रहने पर अंगों के प्रभावित होने का खतरा भी जताया है।
इस बीच, वांगचुक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में यह टिप्पणी की। उनका यह बयान अब राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।



