भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नेटफ्लिक्स पर 24 जुलाई 2026 को रिलीज हुई रोमांटिक वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। पहले सीजन का अंत ऐसे मोड़ पर हुआ, जिसने फैंस के मन में कई सवाल छोड़ दिए। तभी से दूसरे सीजन को लेकर चर्चाएं तेज थीं। अब मेकर्स ने फैंस का इंतजार खत्म करते हुए ‘मुसाफिर कैफे 2’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
नेटफ्लिक्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर कर दूसरे सीजन की घोषणा की। वीडियो में पहले सीजन के कई यादगार पल दिखाए गए हैं। आखिर में विक्रांत मैसी, महिमा मकवाना और वेदिका पिंटो नजर आते हैं और बताते हैं कि “मुसाफिर फिर लौटेंगे।” पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, “अधूरी मोहब्बत की कहानी को पूरा करने, ये मुसाफिर वापस लौटेंगे।” हालांकि, दूसरे सीजन की रिलीज डेट का खुलासा अभी नहीं किया गया है। मेकर्स ने सिर्फ इतना बताया है कि यह जल्द नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
सीरीज में विक्रांत मैसी, महिमा मकवाना और वेदिका पिंटो ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। पहले सीजन में चंदर, सुधा और प्रीति की भावनात्मक कहानी ने दर्शकों को गहराई से जोड़ा था। अब दूसरे सीजन में इन तीनों किरदारों की अधूरी कहानी आगे बढ़ेगी और कई अनसुलझे सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी ‘मुसाफिर कैफे’ लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के इसी नाम के चर्चित उपन्यास पर आधारित है। इस सीरीज का निर्माण जय सुब्रमण्यम, अनुज गोसालिया और विक्रांत मैसी ने किया है। पहले सीजन की सफलता के बाद अब फैंस बेसब्री से दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें चंदर, सुधा और प्रीति की कहानी एक नए मोड़ के साथ आगे बढ़ती नजर आएगी।




