भोपाल संवाददाता: रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोलियम पदार्थों की बचत को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के काफिले में अब इलेक्ट्रिक कार शामिल की गई है। इसके तहत महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक SUV Mahindra XEV 9e खरीदी गई है, जिसमें मुख्यमंत्री पहली बार सफर कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी इलेक्ट्रिक कार में यात्रा करेंगे। सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देकर ईंधन की खपत कम की जा सकती है और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
एक बार चार्ज में 500 किलोमीटर की रेंज
मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल की गई महिंद्रा XEV 9e एक आधुनिक इलेक्ट्रिक कार है, जो एक बार चार्ज होने पर करीब 500 किलोमीटर तक चल सकती है। सरकार ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की है।
गाड़ी नंबर में छिपा खास संदेश
मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार को MP 02 VB 2047 नंबर आवंटित किया गया है। इस नंबर में ‘VB’ का अर्थ विकसित भारत बताया गया है, जबकि ‘2047’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसमें भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह नंबर सिर्फ एक वाहन पंजीकरण नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है।
पीएम मोदी की अपील पर अमल
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में आयोजित एक जनसभा में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, ऊर्जा बचाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने लोगों से जीवनशैली में बदलाव लाकर देश की विदेशी निर्भरता कम करने का आह्वान किया था।
मुख्यमंत्री बोले- देशहित में जरूरी बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मानना है कि प्रधानमंत्री की अपील केवल सरकारों के लिए नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए है। उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और विदेशी निर्भरता कम करने के लिए जीवन पद्धति में अनुशासन और सकारात्मक परिवर्तन जरूरी है।
मुख्यमंत्री की इलेक्ट्रिक कार में यात्रा को सरकार पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक प्रतीकात्मक लेकिन महत्वपूर्ण कदम मान रही है।



