भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सीएम सचिवालय के कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए नया रोस्टर सिस्टम लागू किया गया है। अब मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय और समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के लिए अधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय, मध्यप्रदेश की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सप्ताह के सभी सात दिन मुख्यमंत्री की बैठकों, भेंट-मुलाकात और अन्य कार्यक्रमों के समन्वय के लिए सचिव, अपर सचिव और उप सचिव स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नए रोस्टर के तहत मंत्रालय और समत्व भवन में अलग-अलग अधिकारी मौजूद रहकर जिम्मेदारियां संभालेंगे।
मंत्रालय में सोमवार से शुक्रवार तक ड्यूटी
रोस्टर के अनुसार मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव और अपर/उप सचिव स्तर के अधिकारी सोमवार से शुक्रवार तक ड्यूटी पर रहेंगे। वहीं समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सचिव, अपर सचिव और अपर/उप सचिव स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी सप्ताह के सातों दिन रहेगी।
सोमवार को मंत्रालय में डॉ. सुदाम खाड़े और अरविंद दुबे की ड्यूटी तय की गई है, जबकि सीएम हाउस में कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर जिम्मेदारी संभालेंगे। मंगलवार से रविवार तक भी अलग-अलग अधिकारियों का रोस्टर जारी किया गया है।
शनिवार-रविवार को मंत्रालय बंद, समत्व में जारी रहेगी ड्यूटी
नए सिस्टम के तहत शनिवार और रविवार को मंत्रालय में नियमित कार्यालय बंद रहेगा, लेकिन समत्व भवन में अधिकारियों की ड्यूटी जारी रहेगी। इसका उद्देश्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों और बैठकों में लगातार समन्वय बनाए रखना है।
सीएम की गैरमौजूदगी में जनता से मुलाकात
आदेश में अधिकारियों की जिम्मेदारियों को भी स्पष्ट किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रमों और बैठकों में समन्वय के साथ-साथ उनकी अनुपस्थिति में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से मंत्रालय और मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कामकाज के बीच बेहतर समन्वय बनेगा। साथ ही सप्ताह के सातों दिन सीएम सचिवालय से जुड़े कार्यों की निगरानी और जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण में भी मदद मिलेगी।



