भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश में अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को इंदौर, छिंदवाड़ा, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, सतना, सिवनी, बड़वानी, बालाघाट, बुरहानपुर, मंडला, मऊगंज, देवास, दतिया, अलीराजपुर, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, भिंड, पांढुर्णा, रीवा, नर्मदापुरम, डिंडोरी, हरदा, बैतूल, धार और झाबुआ में बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में मौसम रहेगा साफ
वहीं भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, शिवपुरी, श्योपुर, शाजापुर, सागर, सीहोर, मंदसौर, मुरैना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, रतलाम, रायसेन, विदिशा, गुना, नीमच, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया और दमोह में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
कोटे से अधिक हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक सामान्य कोटे से करीब 25 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। देवास सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा, जहां 17.9 इंच वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत अधिक है। वहीं अलीराजपुर में अब तक केवल 2.3 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य का करीब 7 प्रतिशत ही है।
अगले सप्ताह फिर तेज हो सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जुलाई में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण प्रदेश में अच्छी बारिश हुई है। अगले सप्ताह एक नया मौसम तंत्र बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।



