भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
खंडवा/ओंकारेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान शिव का अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुई विशेष पूजा में उन्होंने देशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
ओंकारेश्वर पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत मंगुभाई पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद राष्ट्रपति सबसे पहले ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने नंदी प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित किए और गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना की।
मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया। राष्ट्रपति ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा में भाग लेते हुए राष्ट्र की खुशहाली, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में पूजा के दौरान आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
दर्शन-पूजन के पश्चात कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और भगवान ओंकारेश्वर तीर्थ का चित्र भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, विधायक नारायण पटेल, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी अनुराग सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति का ओंकारेश्वर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम भी निर्धारित है। उनके दौरे को लेकर पूरे तीर्थ क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।



