भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। राजस्थान की PTI भर्ती परीक्षा में हुए फर्जीवाड़े की जांच के तार मध्य प्रदेश से जुड़ गए हैं। फर्जी और बैक डेटेड BP.Ed. डिग्री जारी करने के मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सीहोर स्थित यूनिवर्सिटी के कुलपति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुलपति, परीक्षा नियंत्रक और एक कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। तीनों को कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड पर भेजा है।
सात महीने पहले हुई थी छापेमारी
मामले की जांच के दौरान राजस्थान SOG ने करीब सात महीने पहले भोपाल और सीहोर में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। टीम ने सीहोर स्थित यूनिवर्सिटी कैंपस के अलावा भोपाल में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के ठिकाने और कपूर हाउस की भी तलाशी ली थी। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले थे।
बताया जा रहा है कि इन्हीं दस्तावेजों और सबूतों के आधार पर अब यूनिवर्सिटी से जुड़े तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
फर्जी डिग्री के जरिए लाभ पहुंचाने का आरोप
राजस्थान SOG की जांच में आरोप है कि अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी और बैक डेटेड BP.Ed. डिग्रियां जारी की जा रही थीं। इन डिग्रियों का इस्तेमाल PTI भर्ती प्रक्रिया में पात्रता हासिल करने के लिए किए जाने का आरोप है।
इस कार्रवाई के बाद राजस्थान की भर्ती परीक्षा में सामने आए फर्जीवाड़े की कड़ियां मध्य प्रदेश तक पहुंचती दिखाई दे रही हैं। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।




