भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारी और महासचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का AICC महासचिव प्रभारी और सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव के तहत रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके अलावा डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इन नियुक्तियों की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी है।
तीन नेताओं को प्रभारी पद की जिम्मेदारियों से मुक्त किया
कांग्रेस ने निवर्तमान महासचिवों और प्रभारियों के योगदान की सराहना करते हुए जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को उनकी मौजूदा प्रभारी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। हालांकि, मुकुल वासनिक AICC महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में राजनीतिक और रणनीतिक बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नए प्रभारी के सामने प्रदेश संगठन को मजबूत करने के साथ ही आगामी राजनीतिक गतिविधियों और सरकार के खिलाफ पार्टी के आंदोलनों को धार देने की चुनौती होगी।
माना जा रहा है कि सुखदेव भगत की नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की आगामी रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में संगठनात्मक बैठकों और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता पर भी नए प्रभारी का फोकस रह सकता है।




