मुंबई। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव नतीजे सामने आ चुके हैं और राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। महायुति गठबंधन (बीजेपी–शिवसेना) ने नगर निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। सबसे बड़ा झटका उद्धव ठाकरे को लगा है, जिनका बीएमसी पर 20 साल पुराना कब्जा खत्म हो गया है। अब बीएमसी में बीजेपी का मेयर बनना तय माना जा रहा है।
मुंबई में बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसका फायदा गठबंधन को मिला। चुनाव नतीजों में बीजेपी उम्मीदवार सबसे आगे रहे हैं और महायुति ने ज्यादातर नगर निगमों में जीत दर्ज की है।
अमित शाह ने जताई खुशी, महाराष्ट्र की जनता का किया आभार
महायुति की इस बड़ी जीत पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया के जरिए खुशी जाहिर की। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता का आभार जताते हुए लिखा कि इस बड़े समर्थन के लिए राज्य के लोगों को दिल से बधाई।
अमित शाह ने कहा,
“मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस जी, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी, बीजेपी महाराष्ट्र अध्यक्ष रवि चव्हाण और सभी बीजेपी–शिवसेना कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बहुत-बहुत बधाई।”
‘PM मोदी की विकास नीति पर जनता का भरोसा’
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नगर निगम चुनावों में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की बड़ी सफलता से यह साफ हो गया है कि देशभर की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की विकास नीति पर है।
उन्होंने कहा कि यह जीत महाराष्ट्र में महायुति सरकार द्वारा किए गए विकास और जनकल्याण के कार्यों पर जनता की मुहर है।
नितिन गडकरी ने भी दी बधाई
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी बीएमसी समेत 29 नगर निकायों में महायुति की बढ़त पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र की विकास यात्रा और मजबूत होगी।
राजनीतिक संकेत साफ
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नगर निकाय चुनावों में मिली यह जीत आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले महायुति के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाली साबित होगी, वहीं उद्धव ठाकरे गुट के लिए यह बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।



