खजुराहो। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो स्मारक समूह को जल्द ही एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड ने क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मल्टी-टूरिज्म और वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है।
इस परियोजना के तहत राजनगर तहसील के चितरई गांव स्थित दतला पहाड़ क्षेत्र को पन्ना टाइगर रिजर्व और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ते हुए एक नए पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।
70 हेक्टेयर में 100 करोड़ का निवेश
पर्यटन विकास बोर्ड ने करीब 70 हेक्टेयर भूमि पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना विकसित करने के लिए निजी निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। यह परियोजना डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल पर लागू की जाएगी। चयनित निजी कंपनी को 90 वर्ष की लीज पर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी तथा पांच वर्षों के भीतर परियोजना पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
ईको-फ्रेंडली टूरिज्म पर जोर
परियोजना के अंतर्गत ईको-फ्रेंडली कॉटेज, वेलनेस रिसॉर्ट्स, एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियां, ट्रेकिंग ट्रेल्स, योग और ध्यान केंद्र सहित प्रकृति आधारित पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे खजुराहो आने वाले पर्यटकों को एक नया और समग्र अनुभव मिलेगा।
इस पहल से न केवल खजुराहो बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों, होटल व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े युवाओं को रोजगार एवं आर्थिक लाभ के नए अवसर प्राप्त होंगे।



