पंजाब के लुधियाना में दिल्ली–अमृतसर नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े दो आतंकी ढेर हो गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि एक दिन पहले ही पुलिस ने हैंड ग्रेनेड के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों को बीकेआई के दो और आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट मिला, जो ISI के निर्देश पर किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को फँसा देखकर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में ढेर हो गए।
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके से बरामद हथियारों और विस्फोटकों की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के इशारे पर पंजाब में किसी बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे।
घटना के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है और शहर व हाईवे पर जगह–जगह नाकेबंदी कर चेकिंग बढ़ा दी गई है।



