दलित एजेंडे पर BJP MLA रामेश्वर शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले– जाति और हिंदू-मुस्लिम संघर्ष की पटकथा दिग्विजय ने लिखी
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दलित एजेंडे को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला है। रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जातिगत संघर्ष और हिंदू-मुस्लिम विवाद की शुरुआत दिग्विजय सिंह ने ही करवाई।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सोची-समझी रणनीति के तहत समाज को बांटने की राजनीति कांग्रेस करती रही है। “फूट डालो और राजनीति करो, यही कांग्रेस का एजेंडा रहा है,” उन्होंने कहा।
राज्यसभा से लेकर संगठन तक खींचतान
बीजेपी विधायक ने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस में सियासत सिर्फ सत्ता और पद के इर्द-गिर्द घूमती रही है। राज्यसभा की लड़ाई हो या संगठन के भीतर दलित नेतृत्व का मुद्दा, हर जगह अंदरूनी संघर्ष दिखता है। इसी कड़ी में कांग्रेस के एससी विभाग के अध्यक्ष द्वारा दिग्विजय सिंह को पत्र लिखे जाने को भी उन्होंने गंभीर बताया।
जीतू पटवारी को भी दी जा रही पटकनी
रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस में कई नेताओं को आगे बढ़ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांतिलाल भूरिया को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया गया, सुभाष यादव और अरुण यादव को हाशिए पर ला दिया गया। “आज वही राजनीति जीतू पटवारी के साथ भी हो रही है, उन्हें भी पटकनी दी जा रही है,” शर्मा ने कहा।
सज्जन वर्मा को नहीं मिली तवज्जो
सज्जन सिंह वर्मा के मुद्दे पर भी रामेश्वर शर्मा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सरकार के दौरान सज्जन वर्मा के विभाग की न तो फाइलें चलती थीं और न ही उनकी बात सुनी जाती थी। “एससी वर्ग से होने के कारण उन्हें तवज्जो नहीं दी गई,” ऐसा आरोप लगाया।
BJP का कांग्रेस के दलित एजेंडे पर सवाल
कांग्रेस के दलित एजेंडे पर बीजेपी ने सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की मांगों का कोई औचित्य नहीं है और यह सिर्फ राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है।
प्रदेश की राजनीति में दलित एजेंडे को लेकर बढ़ती बयानबाजी से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने वाला है।



