18वें रोजगार मेले में पीएम मोदी ने बांटे 61 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र, दिया ‘नागरिक देवो भव:’ का मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 18वें रोजगार मेले में 61,000 से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 का आरंभ उनके जीवन में नई खुशियों और नई संभावनाओं का संकेत लेकर आया है। उन्होंने कहा कि जैसे बसंत ऋतु का आगमन हुआ है, वैसे ही युवाओं के जीवन में भी नए बसंत की शुरुआत हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय युवाओं को संविधान के प्रति उनके दायित्वों से भी जोड़ता है। संयोग से यह दौर गणतंत्र के महापर्व का है। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर पराक्रम दिवस मनाया गया, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस और 26 जनवरी को देश गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। ऐसे पावन समय में नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के लिए गर्व का विषय है।
‘नियुक्ति पत्र नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर’
पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि इसी दिन संविधान सभा ने ‘जन गण मन’ को राष्ट्रीय गान और ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गीत के रूप में अपनाया था। उन्होंने कहा कि आज 61 हजार से अधिक युवा अपने जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “सरकारी सेवा का नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं है, यह नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर है। यह विकसित भारत के निर्माण को गति देने वाला संकल्प पत्र है।”
उन्होंने कहा कि इन युवाओं में से कई देश की सुरक्षा को मजबूत करेंगे, कई शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएंगे। पीएम मोदी ने सभी नव-नियुक्त युवाओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
‘भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और सरकार का प्रयास है कि युवाओं के लिए देश और विदेश में नए अवसर पैदा किए जाएं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौते कर रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े स्तर पर निवेश हुआ है। आज भारत में दो लाख से अधिक रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं, जहां लाखों युवाओं को रोजगार मिल रहा है। भारत की क्रिएटर इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की एकमात्र बड़ी अर्थव्यवस्था है जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी को दोगुना किया है। 100 से अधिक देश एफडीआई के जरिए भारत में निवेश कर रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अनगिनत अवसर बन रहे हैं।
‘8000 से ज्यादा बेटियों को भी नियुक्ति पत्र’
पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक बड़ी मैन्युफैक्चरिंग पावर बनकर उभर रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में 2014 के बाद छह गुना वृद्धि हुई है और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली इंडस्ट्रीज में शामिल हो गई है।
उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी में सुधार से आम लोगों को लाभ मिला है और क्रय शक्ति बढ़ी है।
प्रधानमंत्री ने खास तौर पर बताया कि इस रोजगार मेले में 8,000 से अधिक बेटियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। बीते 11 वर्षों में देश की वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हुई है, जबकि महिला स्वरोजगार में करीब 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
‘हम सब सेवक हैं, नागरिक देवो भव: हमारा मंत्र’
पीएम मोदी ने कहा कि देश आज “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है, जिसका उद्देश्य जीवन और कारोबार दोनों को आसान बनाना है। हाल के वर्षों में किए गए ऐतिहासिक श्रम सुधारों से श्रमिकों, कर्मचारियों और उद्योग जगत को लाभ मिला है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल में ऐसे छोटे-छोटे सुधार करें, जिससे आम नागरिकों को कभी वह परेशानी न झेलनी पड़े, जो उन्हें या उनके परिवार को कभी झेलनी पड़ी हो।
प्रधानमंत्री ने कहा, “चाहे प्रधानमंत्री हो या सरकार का छोटा सा सेवक, हम सब सेवक हैं। हम सबका एक ही मंत्र होना चाहिए — नागरिक देवो भव:। इसी मंत्र के साथ हमें देश की सेवा करनी है।”



