मुंबई: प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। Devendra Fadnavis सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के सभी तय विदेश दौरों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रशासनिक कार्यों और स्टडी टूर के लिए प्रस्तावित सभी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई दो उच्चस्तरीय बैठकों में कई अहम फैसलों की समीक्षा की और निर्देश जारी किए।
सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य राज्य के खजाने पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ को कम करना और वित्तीय अनुशासन का संदेश देना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या भी तत्काल प्रभाव से आधी कर दी गई है। बाहरी दौरों के दौरान तय सीमा से अधिक वाहन शामिल न हों, इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मंत्री और अधिकारी बैठकों के लिए अनावश्यक यात्रा करने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का अधिक इस्तेमाल करेंगे। साथ ही मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। शुरुआती चरण में सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इसी बीच, Maharashtra Legislative Assembly के विधायकों का जापान दौरा भी रद्द कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष Rahul Narwekar ने इसकी पुष्टि की।
सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताओं और अधिकारियों से अनावश्यक विदेश यात्राओं और फिजूल खर्च से बचने की अपील की थी, ताकि देश की विदेशी मुद्रा और ईंधन की बचत हो सके।



