केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद Shashi Tharoor के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब थरूर वंडूर में विधानसभा चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
आरोप है कि तिरुवल्ली चेल्लीथोडु ब्रिज के पास अज्ञात हमलावरों ने उनके काफिले को बीच सड़क पर रोक लिया। बताया जा रहा है कि यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में जा रहे थरूर के वाहन को दो कारों में सवार करीब 8 लोगों ने घेर लिया और आगे बढ़ने से रोक दिया।
चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने गाड़ी के शीशों पर जोर-जोर से प्रहार किया। स्थिति बिगड़ने पर जब थरूर के गनमैन ने हस्तक्षेप किया, तो उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना में इस्तेमाल दो वाहनों को भी जब्त किया है।
शिकायत के आधार पर कलिकावु निवासी एक आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए Shashi Tharoor ने कहा कि उनके सुरक्षा कर्मी पर हमला हुआ, लेकिन अब वह सुरक्षित हैं और वे खुद भी पूरी तरह ठीक हैं। उन्होंने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि घटना के बावजूद उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम पूरे किए गए।
बता दें कि केरल में 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राज्य में इस बार मुकाबला एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा है।



