भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बैरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विधा विहार स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडिंग वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन में सवार सभी लोग मकर संक्रांति का पर्व मनाने के लिए विदिशा जिले के सिरोंज से होशंगाबाद जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोडिंग की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें भोपाल के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान विदिशा जिले के सिरोंज निवासी लोगों के रूप में की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला अस्पताल पहुंचा और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और मकर संक्रांति की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं।



