भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत रत्न से सम्मानित, स्वर कोकिला श्रद्धेय लता मंगेशकर दीदी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लता मंगेशकर का योगदान न केवल भारतीय फिल्म संगीत बल्कि संपूर्ण भारतीय सांस्कृतिक विरासत के लिए अतुलनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि लता दीदी की अद्वितीय संगीत साधना ने फिल्म जगत को समृद्ध किया और उनकी मधुर वाणी ने देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में असंख्य प्रशंसकों को गीत-संगीत के माध्यम से आनंदित किया।
उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर की आवाज़ भारतीय जनमानस में हमेशा जीवंत रहेगी। अपने अमर सुरों के माध्यम से वे सदैव हमारे बीच उपस्थित रहेंगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान हो और संगीत जगत को उनके अमूल्य योगदान से सदैव प्रेरणा मिलती रहे।



