भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी और कोहरे के बीच मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 28 जिलों में आज 27 जनवरी और कल 28 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए बदलाव के चलते प्रदेश में तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय परिसंचरण) और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसी कारण कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ इलाकों में कोहरे के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेदर सिस्टम) सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलेगा। फरवरी माह की शुरुआत में भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासतौर पर सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे के कारण सावधानी बरतने की जरूरत है।
बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। बारिश के कारण ठंड में और इजाफा होगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आने का अनुमान है। कई शहरों में रात का तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
बीती रात प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, दतिया और शिवपुरी में 8 डिग्री, पचमढ़ी में 8.2 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री और श्योपुर में 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 7.8 डिग्री, भोपाल में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री और जबलपुर में 13.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 जनवरी मंगलवार को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, सागर, शिवपुरी, श्योपुर, शाजापुर, अशोकनगर, आगर मालवा, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम, राजगढ़, गुना, नीमच और मंदसौर में बारिश की संभावना जताई है।
वहीं 28 जनवरी को जबलपुर, विदिशा, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, सतना, सागर, रायसेन, मऊगंज, मैहर, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, पन्ना, दमोह, नरसिंहपुर, उमरिया और कटनी जिलों में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



