MP में कड़ाके की ठंड जारी, अगले 24 घंटे में तापमान में 2–3 डिग्री गिरावट का अनुमान
मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश में तापमान 2 से 3 डिग्री गिरने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो दिनों के दौरान मध्यम से अति घना कोहरा और कोल्ड डे की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर ट्रफ सक्रिय है, जो मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम भारत में 250 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं भी ठंड के प्रकोप में योगदान कर रही हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 27 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। लोगों को अत्यधिक ठंड, कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार और मंगलवार की रात कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, वहीं प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में सबसे कम 4.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अन्य ठंडे इलाकों में तापमान इस प्रकार रहा:
शहडोल (कल्याणपुर): 4.6 डिग्री
मंदसौर: 5.7 डिग्री
रीवा, उमरिया और खजुराहो: 6.0 डिग्री
शाजापुर (गिरवर): 6.1 डिग्री
इंदौर: 6.4 डिग्री
राजगढ़-नौगांव: 6.6 डिग्री
दतिया: 6.9 डिग्री
भोपाल: 7.4 डिग्री
मलाजखंड: 7.5 डिग्री
सतना: 7.6 डिग्री
शिवपुरी: 8.0 डिग्री
ग्वालियर और रायसेन: 8.5 डिग्री
दमोह और मंडला: 8.6 डिग्री
जबलपुर: 8.9 डिग्री
नरसिंहपुर: 9.2 डिग्री
खरगोन: 9.6 डिग्री
बैतूल: 9.7 डिग्री
उज्जैन और छिंदवाड़ा: 9.8 डिग्री
प्रदेश के कई जिलों में मध्यम कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, इसलिए लोग सावधानी और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें।



