नई दिल्ली। राज्यसभा में शुक्रवार को हरिवंश नारायण सिंह को लगातार तीसरी बार उपसभापति चुने जाने पर सभी दलों के नेताओं ने बधाई दी। इस दौरान सदन में उनके अनुभव और संतुलित कार्यशैली की सराहना की गई। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं, लेकिन अपने संबोधन में हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी ही पार्टी पर तंज कसकर माहौल को कुछ देर के लिए हल्का कर दिया।
राघव चड्ढा ने कहा, “मैं हाल ही में हटाया गया डिप्टी लीडर हूं,” और इस टिप्पणी के जरिए सदन में मुस्कान बिखेर दी। उन्होंने हरिवंश के संयमित और संतुलित आचरण की सराहना करते हुए कहा कि उनका व्यवहार सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने अपने और उपसभापति के रिश्ते को “खट्टा-मीठा” बताते हुए कहा कि वे इसे आगे “मीठा-मीठा” बनाना चाहेंगे।
इस दौरान उन्होंने समय सीमा को लेकर भी मुस्कुराते हुए अनुरोध किया कि अगर एक-दो मिनट का अतिरिक्त समय मिल जाए तो सदस्य अपनी बात और प्रभावी ढंग से रख सकते हैं। उन्होंने सदन की कार्यवाही में सुधार के लिए सभापति सी. पी. राधाकृष्णन की भी सराहना की और कहा कि अब पहले की तुलना में अधिक सांसदों को ‘जीरो आवर’ में बोलने का अवसर मिल रहा है।
गौरतलब है कि हरिवंश नारायण सिंह का यह उपसभापति के रूप में तीसरा कार्यकाल है। उन्हें निर्विरोध चुना गया। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की कामना की।



