जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आयोजित “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम में जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी को सवाल पूछने का अवसर मिला। आयुष ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि कई बार टीचर और स्कूल की पढ़ाई की स्पीड से तालमेल नहीं बैठ पाता, जिससे सिलेबस पीछे छूट जाता है और उसे समय पर कवर कर पाना मुश्किल हो जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष के सवाल का जवाब देते हुए छात्रों को टीचर और स्कूल से दो कदम आगे रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को बोझ नहीं, बल्कि समझ के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है और नियमित आत्म-अध्ययन से ऐसी समस्याओं से निपटा जा सकता है।
“परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का देशभर में सीधा प्रसारण किया गया। आयुष तिवारी पंडित लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट मॉडल स्कूल के छात्र हैं और वे कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय में अध्ययनरत हैं। खास बात यह रही कि मध्यप्रदेश से केवल आयुष तिवारी का ही चयन इस कार्यक्रम के लिए हुआ था।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद आयुष और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम के लिए देशभर से करीब साढ़े चार करोड़ छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 36 छात्रों का चयन “परीक्षा पर चर्चा” के नौवें संस्करण के लिए किया गया, जबकि 12 छात्रों को प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला।
आयुष की इस उपलब्धि को स्कूल और शहर के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।



