धर्म डेस्क। हिंदू पंचांग के अनुसार सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है। इस पूरे महीने में आने वाले सोमवार का विशेष महत्व होता है। धार्मिक मान्यता है कि सावन सोमवार के दिन विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक, माता पार्वती की पूजा और मंत्र जाप करने से सुख-समृद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आइए जानते हैं सावन सोमवार पर किए जाने वाले कुछ प्रमुख धार्मिक उपाय।
उत्तर-पूर्व दिशा में करें रुद्राभिषेक
यदि घर में लगातार कलह, मानसिक तनाव या रोग की स्थिति बनी रहती है, तो सावन सोमवार के दिन घर की उत्तर-पूर्व दिशा में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इससे नकारात्मकता कम होती है और घर में सुख-शांति का वातावरण बनता है।
अभिषेक के जल का करें छिड़काव
शिवलिंग का अभिषेक करने के बाद उस जल को घर में लाकर ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जप करते हुए पूरे घर में छिड़काव करें। मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
शिव परिवार की तस्वीर लगाएं
सावन सोमवार के दिन घर की उत्तर-पूर्व दिशा में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और कार्तिकेय की तस्वीर स्थापित करना शुभ माना जाता है। धार्मिक विश्वास है कि इससे परिवार में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास बढ़ता है।
बिल्व वृक्ष के नीचे जलाएं दीपक
वास्तु दोष दूर करने की मान्यता के अनुसार सावन सोमवार को बिल्व वृक्ष में जल अर्पित करें और शाम के समय उसके नीचे घी का दीपक जलाएं।
नौकरी और व्यापार में सफलता के लिए
यदि करियर या कारोबार में बाधाएं आ रही हैं, तो सावन सोमवार का व्रत रखकर शिवलिंग पर जल में शहद मिलाकर अभिषेक करें। साथ ही अनार का फूल अर्पित करना भी शुभ माना जाता है।
दान-पुण्य का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन सोमवार पर जरूरतमंदों की सहायता और दान-पुण्य करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं तथा जीवन की कठिनाइयों में कमी आती है।
मंत्र जाप से करें शिव आराधना
चांदी के लोटे से जल अर्पित करते हुए ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘ॐ पार्वतीपतये नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करना शुभ माना जाता है। वहीं शाम के समय महामृत्युंजय मंत्र का 108 बार जाप करने की भी विशेष महिमा बताई गई है।



