भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने नोएडा के जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नामकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोकभवन में हुई कैबिनेट बैठक में जेवर एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता में कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री की 25 साल की जनसेवा यात्रा का अभिनंदन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने ‘सेवा ही समर्पण’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के मूलमंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनकी यात्रा जनसेवा से जनकल्याण और जनभागीदारी से जनविश्वास की अनूठी मिसाल है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तर प्रदेश से विशेष जुड़ाव रहा है। प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री इसी धरती से सांसद और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के विकास में पीएम मोदी का अहम योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। राज्य सरकार और मंत्रिपरिषद उनके योगदान के लिए आभारी हैं।
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के उत्तर प्रदेश के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदेश के साथ रिश्ता बेहद आत्मीय है। वर्ष 2014 में काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। यह उत्तर प्रदेश के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।
कैबिनेट ने जताया प्रधानमंत्री के प्रति आभार
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रेरणादायी मार्गदर्शन और राज्य के विकास के प्रति निरंतर समर्पण के लिए उनका अभिनंदन किया है। जेवर एयरपोर्ट का नामकरण इसी संदर्भ में कैबिनेट बैठक का प्रमुख प्रस्ताव रहा।




