भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ट्रस्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति अयोध्या में होगी, जबकि वेतन और अन्य सेवा शर्तें आपसी सहमति से तय की जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
ट्रस्ट के अनुसार, उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना चाहिए। आवेदक की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, सरकारी विभाग, संस्थान या कंपनी में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव अनिवार्य है।
इन उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता
सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, मानव संसाधन, जनसंपर्क, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और विधिक मामलों का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्थान के प्रबंधन का अनुभव रखने वाले अथवा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (Chief Administrative Officer) के रूप में कार्य कर चुके उम्मीदवारों को विशेष वरीयता मिलेगी। आवश्यक अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं।
धार्मिक पात्रता भी जरूरी
अधिसूचना के अनुसार, आवेदक का हिंदू धर्म का सक्रिय अनुयायी होना आवश्यक है। साथ ही भगवान श्रीराम का भक्त होना और वैष्णव परंपरा से जुड़ाव वांछनीय माना गया है। उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का कार्यसाधक ज्ञान भी होना चाहिए।
क्या होंगी जिम्मेदारियां?
चयनित CEO ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेगा। उसके जिम्मे ट्रस्ट का प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, ट्रस्ट की संपत्तियों का संरक्षण और संस्थान के समग्र संचालन एवं विकास की जिम्मेदारी होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई 2026, शाम 4 बजे तक ईमेल के माध्यम से अपना आवेदन भेज सकते हैं।



