नई दिल्ली। देशवासियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। बीते पांच दिनों में यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। ताजा बढ़ोतरी के तहत पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में अब पांच दिनों के भीतर ईंधन के दाम करीब 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है।
जानें आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के नए रेट
नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
कोलकाता में पेट्रोल 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया।
वहीं चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
जयपुर में पेट्रोल 108.84 रुपये और डीजल 94.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
बढ़ेगी महंगाई, बिगड़ेगा घर का बजट
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से महंगाई पर बड़ा असर पड़ेगा। खासकर डीजल महंगा होने से माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स की लागत बढ़ेगी, जिससे सब्जियों, फलों और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में इजाफा हो सकता है। आने वाले दिनों में खुदरा महंगाई में भी उछाल देखने को मिल सकता है।
क्रूड ऑयल में उछाल बना वजह
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह माना जा रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते क्रूड ऑयल 100 से 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए वैश्विक कीमतों का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।

CNG भी हुई महंगी
दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में भी बीते 72 घंटे में दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है। 15 मई को 2 रुपये और 17 मई को 1 रुपये प्रति किलो दाम बढ़ाए गए। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत पहली बार 80 रुपये के पार पहुंचकर 80.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं नोएडा में सीएनजी 88.70 रुपये प्रति किलो बिक रही है।



