भोपाल/रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन में “मध्यप्रदेश का भविष्य” विषय पर एक महत्वपूर्ण मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विकास, खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक प्रभुराम चौधरी ने कहा कि रायसेन में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए राज्य स्तरीय खेल अकादमी विकसित की जा रही है, जिससे आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में जल्द ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रायसेन लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है तथा ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने हाल ही में आयोजित किसान सम्मेलन का उल्लेख करते हुए जिले में कृषि क्षेत्र में हो रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने अपने चिकित्सा क्षेत्र के अनुभव और एमबीबीएस डिग्री के बाद निजी प्रैक्टिस के दौर को भी साझा किया।
खाद्य विभाग की समीक्षा में सीएम के निर्देश
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग द्वारा उचित मूल्य दुकानों को जन पोषण मार्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो एक सकारात्मक पहल है।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को मोबाइल संदेश के माध्यम से राशन वितरण की सूचना देना पारदर्शिता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के अंतर्गत परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और रूट ऑप्टिमाइजेशन के कारण परिवहन लागत में प्रति माह लगभग 42 लाख रुपये की बचत पर संतोष व्यक्त किया।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वाहनों में जीपीएस आधारित निगरानी प्रणाली लागू की गई है, जिससे स्टेट लेवल कमांड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है।
सिविल सप्लाई कारपोरेशन द्वारा सभी स्तरों पर ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था लागू करने तथा गोदाम प्रबंधन को बेहतर बनाने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को भारतीय प्रबंध संस्थान, मुंबई में प्रशिक्षण देने की पहल को भी सराहनीय बताया गया। उपार्जन, मिलिंग और परिवहन में उपयोग हो रहे वाहनों का ULIP सॉफ्टवेयर से सत्यापन किए जाने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख वक्ता
कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे, जिनमें शामिल हैं—
डॉ. दिनेश खत्री (CMHO रायसेन), डॉ. यशपाल वाल्यान (सिविल सर्जन), डॉ. दीपक गुप्ता (स्त्री रोग विशेषज्ञ), सविता जमना सेन (नगर पालिका अध्यक्ष), पप्पू रेवाराम (अध्यक्ष नगर परिषद सांची), हेमंत राजा भैया चौधरी (नगर परिषद अध्यक्ष बरेली), रौनक चौधरी (युवा भाजपा नेता एवं व्यवसायी), ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत (युवा कांग्रेस नेता), रणजीत सिंह रघुवंशी (जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस), शशांक धाकड़ (अधिवक्ता एवं समाजसेवी), मुकेश नामदेव (डायरेक्टर होटल देव प्लाजा) और संजय गोहिल (डायरेक्टर प्रेसीडेंसी महाविद्यालय)।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने रायसेन के समग्र विकास, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर अपने सुझाव रखे और इसे मध्यप्रदेश के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



