औषधीय फसलों की खेती में मध्यप्रदेश देश में नंबर–1
मध्यप्रदेश ने एक बार फिर कृषि क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। राज्य औषधीय फसलों की खेती में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।
राज्य का योगदान भारत के कुल औषधीय फसल उत्पादन का 44% है, जो देश में सबसे अधिक है। वर्तमान समय में मध्यप्रदेश के अलग–अलग जिलों में कुल 46,837 हेक्टेयर क्षेत्र में औषधीय फसलों की खेती हो रही है।
इनमें मुख्य रूप से अश्वगंधा, इसबगोल, सफेद मूसली, कोलियस जैसी उच्च मूल्य वाली औषधीय प्रजातियों का उत्पादन शामिल है। किसानों की बढ़ती रुचि और सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं के चलते यह क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है।
चालू वित्त वर्ष 2024–25 में राज्य का औषधीय फसल उत्पादन बढ़कर 1.44 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बड़ी वृद्धि दर्शाता है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और हर्बल उद्योग की बढ़ती मांग से आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में और भी तेजी देखने को मिलेगी।



