भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगस्त आज़ादी का पर्व मनाने का महीना है और पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने 9 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में नागरिकों और युवाओं की भागीदारी से भव्य तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और आज़ादी के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, पोषण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि, पुरस्कार और शासकीय सेवा में नियुक्ति संबंधी नियम जल्द तय किए जाएं। साथ ही प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इन विद्यालयों के पास आधुनिक खेल परिसरों के निर्माण की योजना तैयार की जाए, ताकि स्कूल स्तर से ही प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा युवा आयोग मिलकर कार्य करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में खेल परिसर या स्टेडियम के लिए भूमि आवंटन लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों से समन्वय कर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। खेल अधोसंरचनाओं के रखरखाव के लिए विभाग में सिविल विंग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) बनाने की संभावनाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले के पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर उसी आधार पर खेल अधोसंरचना विकसित की जाए। साथ ही कॉरपोरेट हाउसों के सहयोग से हरियाणा और ओडिशा की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी खेल सुविधाओं के विस्तार का मॉडल तैयार किया जाए।




