भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
MP Morning News: मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, रीलबाज पुलिसकर्मियों पर PHQ की सख्ती; ‘नो UPI डे’ से लेकर कोर्ट सुनवाई तक पढ़ें बड़ी खबरें
MP Morning News: मध्य प्रदेश में आज का दिन प्रशासनिक फैसलों, पुलिस की नई गाइडलाइन, अदालतों में अहम मामलों की सुनवाई और व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल में कैबिनेट की बैठक होगी। वहीं, सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर पुलिस मुख्यालय ने सख्ती के निर्देश जारी किए हैं। भोपाल के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इसके अलावा व्यापारी 23 सितंबर को ‘नो UPI डे’ मनाने की तैयारी में हैं। पढ़ें मध्य प्रदेश की आज की प्रमुख खबरें।
- मोहन कैबिनेट की अहम बैठक, खेल ग्राउंड के प्रस्ताव पर लग सकती है मुहर
- रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर PHQ की सख्ती
- भोपाल के 62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
- 23 सितंबर को ‘नो UPI डे’, MDR चार्ज के विरोध में व्यापारी लामबंद
- नेहा पच्चीसिया की जमानत और FIR निरस्त करने की अर्जी पर सुनवाई
- भोपाल के 35 से ज्यादा इलाकों में आज बिजली कटौती
मोहन कैबिनेट की अहम बैठक, खेल ग्राउंड के प्रस्ताव पर लग सकती है मुहर
भोपाल स्थित मंत्रालय में आज सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में खेल ग्राउंड बनाने सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय हो सकता है। इसका उद्देश्य प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे ‘कोर्टयार्ड बाय मैरियट’ में ऑल इंडिया डिस्कॉम रीजनल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 1:30 बजे वे बलराम कृषि महोत्सव, मऊगंज से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। इसके बाद शाम को वे बेंगलुरु में होने वाली इन्वेस्टर्स राउंडटेबल में निवेशकों से चर्चा करेंगे।
रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर PHQ की सख्ती
मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर पुलिस की वर्दी में रील और वीडियो बनाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। DGP कैलाश मकवाणा के निर्देशों के मुताबिक वर्दी में फोटो-वीडियो अपलोड करने और गोपनीय सरकारी दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट साझा करने पर रोक लगाई गई है।
इसके अलावा संवेदनशील सरकारी जानकारी को ChatGPT, Gemini जैसे AI टूल्स पर अपलोड करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर भी रोक लगाई गई है और पूर्व में हुई ऐसी आय का विवरण 30 दिनों के भीतर देने के निर्देश हैं। जांच या जनसुनवाई के दौरान पीड़ित, आरोपी अथवा बाल अपराधियों की पहचान उजागर करने पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
भोपाल के 62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
भोपाल के रहवासी इलाकों में संचालित करीब 62,500 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। 5 अगस्त के फैसले के बाद नगर निगम ने 8,084 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए थे और 190 प्रतिष्ठानों को सील किया गया था।
व्यापारियों के विरोध के बाद पिछले 22 दिनों से कार्रवाई रुकी हुई है। रहवासियों ने नगर निगम पर पक्षपात और गलत कार्रवाई के आरोप लगाए हैं। सुनवाई से पहले नगर निगम और रहवासियों की ओर से संबंधित दस्तावेज और एक्शन टेकन रिपोर्ट तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
23 सितंबर को ‘नो UPI डे’, MDR चार्ज के विरोध में व्यापारी लामबंद
2 हजार रुपये से अधिक के UPI भुगतान पर MDR चार्ज को लेकर व्यापारियों में विरोध है। इसके विरोध में मध्य प्रदेश के व्यापारियों ने 23 सितंबर को ‘नो UPI डे’ मनाने का ऐलान किया है। इस दौरान UPI QR कोड पर काला कपड़ा बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराने की योजना है।
व्यापारियों का कहना है कि थोक किराना बाजार में बड़ी संख्या में लेन-देन 2 हजार रुपये से अधिक के होते हैं, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क का असर कारोबार पर पड़ सकता है। इसके साथ ही 16 अक्टूबर से प्रदेश के करीब 4,700 पेट्रोल पंपों पर भी 2 हजार रुपये से अधिक के UPI भुगतान को लेकर विरोध की रणनीति बनाए जाने की जानकारी है।
नेहा पच्चीसिया की जमानत और FIR निरस्त करने की अर्जी पर सुनवाई
कटनी के कुठला थाने में दर्ज मामले में निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की जमानत याचिका और FIR निरस्त करने की अर्जी पर आज जबलपुर हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है। मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और पद के दुरुपयोग सहित धाराएं लगाई गई हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं जुड़ने के बाद केस डायरी के आधार पर मामले को सिंगल बेंच से डबल बेंच में ट्रांसफर किया गया था। याचिका में लगाए गए आरोपों और मामले की कानूनी स्थिति पर अदालत में सुनवाई होगी।
भोपाल के 35 से ज्यादा इलाकों में आज बिजली कटौती
भोपाल में बिजली कंपनी के मेंटेनेंस कार्य के चलते आज 35 से अधिक इलाकों में करीब 4 से 6 घंटे तक बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। दानिश हिल्स व्यू, कान्हा कुंज, कमला नगर, फॉरच्यून कस्तूरी, दीपक सोसायटी, अशोका गार्डन, ट्रांसपोर्ट नगर, प्रगति नगर, इंद्रलोक, भेल नगर, छत्तीसगढ़ कॉलोनी और वर्धमान नगर समेत कई इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली कटौती की जाएगी।
कुछ क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक, जबकि अन्य इलाकों में दोपहर 3 बजे या शाम 4 बजे तक सप्लाई प्रभावित रहने की जानकारी दी गई है। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले निपटा लेने की सलाह दी गई है।




