मध्य प्रदेश में आज से बारिश का सिलसिला थमने जा रहा है और भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश में कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
अप्रैल की शुरुआत में आंधी-बारिश का दौर बना रहा, लेकिन अब मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। हाल ही में शहडोल, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट और अनूपपुर जैसे जिलों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हल्की बारिश और तेज आंधी देखने को मिली थी, जिसका असर अब खत्म हो रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन इसका प्रभाव मध्य प्रदेश में सीमित ही रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।



