भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आंगनबाड़ी में नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। महिला एवं बाल विकास विभाग राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 2518 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से किए जाएंगे।
13 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
विभाग के अनुसार, भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया इसी महीने शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 13 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 100 रुपये के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी देय होगा। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 15 जुलाई तक संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती अभियान के तहत कुल 2518 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें—
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ता: 181 पद
- आंगनवाड़ी सहायिका: 1767 पद
- शेष रिक्तियां अन्य श्रेणियों के पदों के लिए निर्धारित हैं।
इन जिलों में सबसे ज्यादा रिक्तियां
धार, विदिशा, बैतूल, राजगढ़, रतलाम, छिंदवाड़ा और सागर जिलों में सबसे अधिक पद खाली हैं। सभी जिलों के लिए अलग-अलग रिक्तियां जारी की गई हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए 12वीं पास स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
यदि अभ्यर्थी ने अन्य राज्य या अन्य बोर्ड से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है, तो उसकी अंकसूची तभी मान्य होगी, जब वह माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश की समकक्षता (साक्षमता) सूची में शामिल हो।



