भोपाल। MP Weather Update:
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, वहीं कई जिलों में धूप भी बेअसर साबित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, बल्कि अगले दो दिनों तक ठंड और तेज होने वाली है।
दरअसल, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सिस्टम सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। इसका असर खासतौर पर उत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिल रहा है।
7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने ग्वालियर, चंबल, रीवा संभाग समेत 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
शनिवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 4.6 डिग्री, राजगढ़ में 4.4 डिग्री, शिवपुरी में 4 डिग्री, नौगांव में 5 डिग्री और रीवा में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों का हाल
बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, ग्वालियर में 5.9 डिग्री और जबलपुर में सबसे राहत भरा मौसम रहा, जहां पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल में भी ठंड का असर बरकरार है। प्रदेश के 25 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों तक ठंड और बढ़ सकती है। जनवरी में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ ठंड ने नवंबर-दिसंबर के पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं।



