भोपाल/रतलाम। Rajdhani Express में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। हादसे में ट्रेन की दो बोगियां चपेट में आ गईं, जिससे करीब 65 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12431 त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सुबह करीब 5:15 बजे रतलाम के लूनी और आलोट रेलवे स्टेशन के बीच कोटा रेल मंडल क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान B-1 कोच में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआं फैल गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा कंट्रोल ने रतलाम कंट्रोल को अलर्ट किया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित दोनों बोगियों को ट्रेन से अलग कर दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
रेलवे की स्वास्थ्य विभाग टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोटा मंडल Saurabh Jain ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। DRM रतलाम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। रतलाम से ART/ARME और टावर वैगन भी मौके पर भेजी गई है।
इस घटना के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।



