भोपाल/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस बार राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया, जिससे राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दिग्विजय सिंह बहुत अनुभवी नेता हैं और जो कुछ कहते हैं वह सोच-समझकर कहते हैं। पटवारी ने उनके ST-SC वर्ग के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जाहिर करने वाले बयान का भी समर्थन किया।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पर तंज कसा और कहा, “जब मैं कांग्रेस में था तब भी यह नहीं जानता था कि दिग्विजय सिंह क्या चाहते हैं और अब मैं बाहर हूं तो कैसे जानूंगा?” उन्होंने दिग्विजय के हालिया आरएसएस और भाजपा की तारीफ वाले बयान पर कहा, “देर आए, दुरुस्त आए। यह अच्छी बात है।”
सिंधिया ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे के सवाल पर कहा कि वह जरूर जाएं, इसमें कोई कठिनाई नहीं है। वहीं, उन्होंने स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित थीम पार्क और शौर्य स्मारक का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह स्मारक ग्वालियर की संस्कृति और वीरता की यादगार होगा और भविष्य की पीढ़ी अपने पूर्वजों का सम्मान करते हुए आगे बढ़ेगी।
राज्यसभा चुनाव को लेकर दिग्विजय सिंह का यह फैसला कांग्रेस और भाजपा दोनों में बयानबाजी का विषय बन गया है, जबकि सिंधिया ने इसे पार्टी की अंदरूनी बात बताते हुए सीधे कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।



