भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 अगस्त को प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 3 और 4 अगस्त को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) और मध्य प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसी सिस्टम के कारण 4 और 5 अगस्त को कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
4 अगस्त: छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
5 अगस्त: निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि इस दौरान अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम है। 4 और 5 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं।
अब तक कितनी हुई बारिश?
मध्य प्रदेश में अब तक 15.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि सामान्य औसत 18.1 इंच माना जाता है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 2.4 इंच कम, यानी लगभग 13 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।



