उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के योगेश्वर टेकरी क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण अग्निकांड हो गया, जिसमें चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की शुरुआत एक मकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसके बाद जोरदार धमाके के साथ आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लकड़ी और टीन शेड से बने मकानों में आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मदनलाल, रमेश द्रोणावत, ओम ललावत सहित चार परिवारों के घर चपेट में आ गए। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक घरों में रखा लाखों रुपये का सामान और जीवनभर की जमा पूंजी जलकर खाक हो चुकी थी।
पीड़ित मदनलाल ने बताया कि वे चाय बना रहे थे और जैसे ही फ्रिज चालू किया, उसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज धमाके के साथ आग लग गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन चारों परिवार बेघर हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद और विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और तत्काल राहत की घोषणा की। विधायक द्वारा प्रत्येक पीड़ित परिवार को 20-20 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की गई। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए कि पीड़ितों को तुरंत बल्ली और टीन शेड उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अस्थायी आवास बना सकें।
विधायक ने आश्वासन दिया कि नुकसान का विस्तृत आकलन कराकर मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से भी उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रशासन द्वारा राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से शुरू कर दिए गए हैं।



