भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों के प्रमोशन को लेकर जारी किए गए नए आदेश के बाद प्रदेशभर में असमंजस की स्थिति बन गई है। शासकीय शिक्षक संगठन ने आदेश पर कड़ा विरोध जताते हुए सरकार से इसे वापस लेने और विभाग से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
शासकीय शिक्षक संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने कहा कि विभाग ने प्रमोशन के लिए TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण शिक्षकों की जानकारी मांगी है। इससे शिक्षकों के बीच यह भ्रम पैदा हो गया है कि क्या अब पदोन्नति के लिए भी TET अनिवार्य किया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों के लिए विभाग ने TET परीक्षा आयोजित ही नहीं की, तो प्रमोशन में इसे अनिवार्य बनाने का औचित्य क्या है। उनके अनुसार, बिना परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिए ऐसी शर्त लागू करना शिक्षकों के साथ अन्याय होगा।
संगठन ने मांग की है कि शिक्षा विभाग स्पष्ट करे कि जिन शिक्षकों ने TET उत्तीर्ण नहीं किया है, क्या वे पदोन्नति के पात्र होंगे या नहीं। साथ ही, प्रमोशन प्रक्रिया से TET की अनिवार्यता पूरी तरह हटाई जाए और इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी किया जाए।
शिक्षक संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ही भ्रम की स्थिति दूर नहीं की और आदेश में संशोधन नहीं किया, तो प्रदेशभर में आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।



