भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए तीन वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोहर सिंह मंडलोई को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर पदस्थ किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के टीकमगढ़ दौरे के दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने तत्कालीन एसपी मनोहर सिंह मंडलोई के कार्यों को लेकर कई शिकायतें की थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने यह कार्रवाई की है।
तबादला आदेश के प्रमुख बिंदु
- मनोहर सिंह मंडलोई (2012 बैच) को टीकमगढ़ एसपी पद से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG), पुलिस मुख्यालय, भोपाल नियुक्त किया गया।
- सुधीर कुमार अग्रवाल (2016 बैच) को श्योपुर एसपी से टीकमगढ़ का नया एसपी बनाया गया।
- मोती उर रहमान (2018 बैच), जो 9वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), रीवा में सेनानी (कमांडेंट) के पद पर पदस्थ थे, उन्हें श्योपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कसावट और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। टीकमगढ़ में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद हुई यह कार्रवाई प्रदेश के पुलिस प्रशासन में जवाबदेही का स्पष्ट संदेश देती है।



