भोपाल | MP में सरकारी योजनाओं की समीक्षा: CS ने दिए गौ पालन, आदर्श ग्राम और बालिका शौचालय के लक्ष्य
मुख्य सचिव Anurag Jain ने मध्य प्रदेश में सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने गौ पालन और आदर्श ग्राम बनाने पर जोर देते हुए, जल जीवन मिशन के अंतर्गत रीवा, सिंगरौली, मऊगंज, सीधी और मुरैना के कलेक्टरों को विशेष दिशा-निर्देश दिए।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के निर्देश
अनुराग जैन ने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में काम को समाज और प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने ड्रॉप आउट दर कम करने और नामांकन बढ़ाने के लक्ष्य तय किए। शाला के बाहर चिन्हांकित बच्चों को एजुकेशन पोर्टल 3.0 में दर्ज कराने के लिए जबलपुर संभाग और पन्ना-बालाघाट जिलों की सराहना की।
जनगणना और आंगनबाड़ी सुधार
जनगणना के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शैक्षणिक सत्र का समन्वय करने के निर्देश दिए। 3-6 वर्ष के बच्चों का पंजीयन बढ़ाने और आंगनबाड़ी केंद्रों में वन टू वन चर्चा करने को कहा गया।
महिला दिवस तक बालिका शौचालय पूरा करने का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने 8 मार्च, महिला दिवस तक सभी सरकारी स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्कूल भवनों की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने और जीर्ण-शीर्ण भवनों को डिस्मेंटल करने के भी आदेश दिए।
समीक्षा में संकल्प से समाधान अभियान के तहत योजना लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।



