भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी है। मौसम केंद्र ने गुरुवार को पन्ना, सतना, रीवा, मैहर और कटनी में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। दक्षिणी हिस्से से भी एक ट्रफ गुजर रही है, जिसके चलते पिछले 48 घंटे से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। इसका असर गुरुवार को भी देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में एक और लो प्रेशर एरिया सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पन्ना, सतना, रीवा, मैहर और कटनी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, शिवपुरी, सीधी, सिंगरौली, मुरैना, दतिया, राजगढ़, छतरपुर, खजुराहो, बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, आगर मालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन और धार में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
24 घंटे में इन जिलों में जमकर बरसा पानी
पिछले 24 घंटे में खरगोन में सबसे ज्यादा 8.1 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खंडवा में 5.5 इंच, गुना में 4.6 इंच और भोपाल में 2.8 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन रही है।




