भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाओं पर विराम लग गया है।
राजेंद्र भारती की सजा के बाद तेज हुई थीं अटकलें
बैंक फ्रॉड मामले में विधायक राजेंद्र भारती को अदालत से सजा मिलने के बाद दतिया सीट पर उपचुनाव तय माना जा रहा था। इसी दौरान राजनीतिक गलियारों में नरोत्तम मिश्रा के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई थी। माना जा रहा था कि भाजपा उन्हें इस सीट से मैदान में उतार सकती है, लेकिन पार्टी ने संगठन के नेता आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया।
नामांकन की भी थी तैयारी
सूत्रों के अनुसार, नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी और उन्होंने नामांकन की तैयारी भी कर ली थी। हालांकि अंतिम समय में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
कौन हैं आशुतोष तिवारी?
आशुतोष तिवारी भाजपा के संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में वे भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी हैं और प्रदेश कार्यसमिति के सक्रिय सदस्य भी हैं। वे मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा ग्वालियर और भोपाल संभाग में संगठन मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उपचुनाव का कार्यक्रम
- 13 जुलाई: नामांकन की शुरुआत
- 14 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच
- 16 जुलाई: नाम वापस लेने की अंतिम तिथि
- 30 जुलाई: मतदान
- 3 अगस्त: मतगणना
भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब दतिया उपचुनाव का राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।



