भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान को मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष चुना गया है। भोपाल में आयोजित चुनाव में 33 जिला संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्तिकेय निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं और वे 2030 तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने का किया वादा
अध्यक्ष चुने जाने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने संघ के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संघ ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे टूटने नहीं देंगे। उनका लक्ष्य मध्य प्रदेश से सर्वश्रेष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी तैयार कर देश को देना है।
कार्तिकेय ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें सम्मान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश और खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
खेल संघों में नेताओं के बेटों की बढ़ती भूमिका पर चर्चा
कार्तिकेय सिंह चौहान के अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश के खेल संगठनों में राजनीतिक परिवारों से जुड़े युवाओं की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष बने थे। वहीं, भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय भी इंदौर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं।
अब कार्तिकेय सिंह चौहान की मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद खेल संगठनों में नई पीढ़ी के नेतृत्व और राजनीतिक परिवारों की भागीदारी को लेकर बहस शुरू हो गई है।
2030 तक रहेगी जिम्मेदारी
कार्तिकेय सिंह चौहान के सामने अब प्रदेश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती होगी। आने वाले वर्षों में उनके नेतृत्व में संघ किस तरह काम करता है, इस पर खेल जगत की नजर रहेगी।



