महाराष्ट्र के Nagpur से बड़ी खबर सामने आई है। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी SBL Energy Limited में आज सुबह भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
नागपुर ग्रामीण के एसपी Harsh Poddar ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सुबह 6-7 बजे के बीच हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह लगभग 6 से 7 बजे के बीच हुआ, जब मजदूर काम पर लौटे थे। बताया जा रहा है कि जिस यूनिट में विस्फोट हुआ, वहां 25 से 30 मजदूर मौजूद थे। विस्फोटक बनाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
फैक्ट्री में लगी भीषण आग
धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। अब तक 15 घायलों को निकालकर नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ मजदूरों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
जांच के आदेश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम भी बुलाई गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, घटना से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


