भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम और फैसले चर्चा में रहेंगे। एक ओर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि किसानों के खातों में जारी होगी, वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जबलपुर दौरा और इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन भी प्रमुख आकर्षण रहेगा।
किसानों के खाते में आएगी सम्मान निधि
आज पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 9 करोड़ 50 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि जारी करेंगे। मध्य प्रदेश के 81.67 लाख किसानों को भी 1,037 करोड़ रुपये की राशि का लाभ मिलेगा।
राष्ट्रपति का जबलपुर दौरा, शहर हाई अलर्ट पर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जबलपुर पहुंचेंगी। उनके दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थलों और आवागमन मार्ग के 15 किलोमीटर क्षेत्र को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
सीएम मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन, इंदौर, भोपाल और जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। वे चंद्रावतीगंज में इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड रोड परियोजना का भूमिपूजन करेंगे और इंदौर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद रात में जबलपुर पहुंचेंगे।
इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही इस परियोजना से लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
21 जून को होगी NEET की दोबारा परीक्षा
21 जून को आयोजित होने वाली NEET पुनर्परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड और समय-सारिणी का पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 65 मिनट का प्रतिपूरक समय दिया जाएगा।
प्रदेश में आज कृषि, शिक्षा, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियों पर लोगों की नजर बनी रहेगी।



