भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत आज 23 फरवरी से फिजिकल टेस्ट की शुरुआत हो गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा 14 मार्च तक चलेगी और प्रतिदिन सुबह 6 बजे से आयोजित की जाएगी। प्रदेश के 10 जिलों में यह परीक्षा आयोजित होगी।
गौरतलब है कि लिखित परीक्षा 15 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया गया था। अब चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा से गुजरना होगा। कुल 7,500 पदों पर भर्ती की जानी है।
प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना में फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। अभ्यर्थियों के लिए मूल प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
फर्जीवाड़ा रोकने कड़े इंतजाम
ग्वालियर जिले में SAF मैदान पर अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जाएगी। परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड युक्त जैकेट पहनाई जाएगी, जिसे हर चरण में स्कैन कर रोल नंबर से लिंक किया जाएगा। निगरानी के लिए 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और प्रत्येक 10 अभ्यर्थियों पर तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
आज और कल 200-200 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि इसके बाद प्रतिदिन 400 अभ्यर्थी दौड़ में भाग लेंगे। ग्वालियर और चंबल अंचल के आठ जिलों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।



