भोपाल। मध्य प्रदेश में लंबे समय से लंबित राजनीतिक नियुक्तियों पर आखिरकार राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विभिन्न आयोगों में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा कर दी गई है, जिससे प्रशासनिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार, रामलाल रौतेल को मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं आयोग में भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे को सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा, कैलाश जाटव को मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महिला आयोग की कमान रेखा यादव को सौंपी गई है, जबकि डॉ. निवेदिता शर्मा को बाल संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।
इन नियुक्तियों को प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से इन पदों पर नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था। सरकार के इस फैसले से विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व को मजबूती मिलने और आयोगों के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।




