भोपाल। भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में मध्य प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा सड़कों पर उतरने जा रहा है। दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए टी-शर्ट उतारकर हंगामा किया था, जिसे भाजपा ने देश की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य बताया है।
इस घटना के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है। भोपाल संभाग में आज दोपहर 2 बजे शिवाजी चौराहा स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर घेराव किया जाएगा। भोपाल के साथ ही सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस प्रकार की हरकतें राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की यह कार्रवाई देश की प्रगति और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख से उपजी हताशा का परिणाम है।
प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।**



