भोपाल: महिला से मारपीट मामले में सियासत गरमाई, BJP ने कांग्रेस पर लगाए झूठ फैलाने के आरोप
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जुड़ा बताते हुए हमला बोला, जबकि अब भाजपा ने पलटवार करते हुए आरोपी को कांग्रेस का करीबी बताया है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक फोटो साझा की है, जिसमें महिला की पिटाई करने वाला शख्स कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल के साथ नजर आ रहा है। भाजपा का दावा है कि आरोपी का भाजपा से कोई संबंध नहीं है और वह कांग्रेस के मंचों पर सक्रिय रहा है।
आशीष अग्रवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस अफवाहों की फैक्ट्री और झूठ की मशीन बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से महिला से मारपीट के आरोपी को भाजपा से जोड़कर सुनियोजित झूठ फैलाया जा रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि सच्चाई यह है कि आरोपी कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल का करीबी है और कांग्रेस के मंचों पर उसे सम्मानित किया जाता रहा है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। एक ओर कांग्रेस आरोपी पर भाजपा कनेक्शन का आरोप लगा रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा इसे कांग्रेस की राजनीतिक साजिश बता रही है। फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है और सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।



