14 साल के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को मिला जीवन का सबसे बड़ा सम्मान
नई दिल्ली। वीर बाल दिवस 2025 के अवसर पर देश के 14 वर्षीय उभरते क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रतिभा के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 26 दिसंबर को आयोजित विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव सूर्यवंशी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ देशभर से चुने गए 19 अन्य बहादुर और प्रतिभाशाली बच्चों को भी इस सम्मान से नवाजा गया। ये सभी बच्चे 18 अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित किए गए हैं, जिन्होंने खेल, कला, संस्कृति, नवाचार, समाज सेवा और बहादुरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ये युवा प्रतिभाएं देश का भविष्य हैं और इनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी। उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास, मेहनत और समर्पण की सराहना की।
क्रिकेट जगत में तेजी से उभर रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए यह पुरस्कार उनके अब तक के जीवन का सबसे बड़ा सम्मान माना जा रहा है। इस उपलब्धि के बाद खेल प्रेमियों और प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश के उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने कम उम्र में असाधारण प्रतिभा और साहस का परिचय दिया हो।
बता दें कि भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी हर बदलते दिन के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। सिर्फ 14 साल की उम्र में ही वैभव ने क्रिकेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है और कई रिकॉर्ड अपने नाम लिखवा लिये हैं। शक्रिकेट पिच पर उनकी इस शानदार सफलता के लिए ही अब उन्हें भारत सरकार की ओर से भी सम्मानित किया गया है।




